logo

UP : हिंसा के मामले में अब तक 304 गिरफ़्तार, अभियुक्त जावेद पंप के अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र 

javed.jpg

डेस्क:
पैग़ंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद हुई हिंसा मामले में अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस ने 300 से ज़्यादा गिरफ़्तारियां की हैं। इसके अलावा प्रयागराज में हुई हिंसा के अभियुक्त जावेद अहमद उर्फ़ जावेद पंप के घर पर अवैध निर्माण को ढहाने की कार्रवाई जारी है। हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद पंप के घर पर किये गए अवैध निर्माण को बुलडोज़र से ढाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक गेट और दीवारें तोड़ दी गई है।    

11 बजे तक घर खाली करने का मिला था नोटिस 
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने वेलफ़ेयर पार्टी के नेता जावेद अहमद को रविवार सुबह 11 बजे तक घर खाली करने का नोटिस जारी किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अहमद को शुक्रवार की हिंसा का 'मास्टरमाइंड' बताया था। इस नोटिस के अनुसार अहमद का घर गैरकानूनी तरीके से बनाया गया है। शुक्रवार को हुई हिंसा के बाद से अब तक आठ ज़िलों से 304 लोगों को गिरफ़्तार किया है। इनमें से सबसे अधिक गिरफ़्तारियां प्रयागराज में हुई हैं। 

प्रयागराज,सहारनपुर से सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां 
अब तक मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज,सहारनपुर से सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां हुई है। वही फ़िरोज़ाबाद से 15, अंबेडकर नगर से 34, मुरादाबाद से 34, हाथरस से 51, अलीगढ़ से 6 और जालौन से 2 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। बीजेपी की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा की ओर से पैग़ंबर मोहम्मद पर दी गई विवादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन किए गए थे।  यूपी में सबसे ज़्यादा हिंसा प्रयागराज और सहारनपुर में हुई थी। वही झारखंड की राजधानी रांची में फैली हिंसा के बाद  36 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं ठप रही।